दुर्ग। देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “रक्षा सूत्र अभियान-2026” को संकुल केंद्र हिर्री का उल्लेखनीय सहयोग मिला। संकुल की सभी शालाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखियों का संग्रह कर अभियान प्रभारी को सादर भेंट किया गया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष बोरी एवं कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती पूर्णिमा लोकेश साहू को संकुल की ओर से राखियों के साथ सहयोग राशि भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य श्रीमती सीमा रानी साहू, संकुल समन्वयक दिनेश कुमार साहू सहित विभिन्न विद्यालयों के संस्था प्रमुखों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कहा कि रक्षा सूत्र अभियान विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वयं राखियां तैयार कर देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

संकुल केंद्र हिर्री के सभी विद्यालयों के इस सामूहिक प्रयास की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। अभियान के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि देश का प्रत्येक नागरिक अपने वीर जवानों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनके त्याग, समर्पण एवं बलिदान का सदैव सम्मान करता है।

