दुर्ग, 4 अगस्त 2026। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के वैज्ञानिक, अभियंता एवं आर्किटेक्ट प्रभाग (SEA Wing) द्वारा आयोजित रायपुर से जबलपुर पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ मंगलवार को ब्रह्माकुमारीज के ‘आनंद सरोवर’ बघेरा, दुर्ग में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (सीएसपीडीसीएल) भिलाई-दुर्ग के अनेक अभियंता शामिल हुए।

कार्यक्रम का विषय “प्रकृति का ख्याल रखें और आपदा के लिए तैयार रहें” रखा गया। इस अवसर पर दिल्ली से आए वक्ता बीके पीयूष ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश समस्याओं की जड़ मन की नकारात्मक सोच है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए कहा कि राजयोग मेडिटेशन मन को स्थिर, सकारात्मक और शक्तिशाली बनाता है, जिससे व्यक्ति के साथ-साथ प्रकृति पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

सीएसपीडीसीएल के ईडी शिरीष सेलेट ने पर्यावरण संरक्षण में व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि उनका परिवार प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कपड़े के थैले के इस्तेमाल जैसी छोटी-छोटी आदतों को अपनाता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त सीईएस मनोज सहित अन्य अभियंताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

इस राष्ट्रीय अभियान के तहत बीके भारत भूषण (पानीपत), बीके ओंकार, बीके धनंजय, अंजली दीदी, तारिका दीदी और चैतन्य प्रभा दीदी ने दुर्ग जिले के विभिन्न संस्थानों, जिनमें छत्रपति शिवाजी इंजीनियरिंग कॉलेज, भारती विश्वविद्यालय, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, रक्षित आरक्षी केंद्र और एसटीएफ दुर्ग शामिल हैं, में जाकर पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा किया गया। ब्रह्माकुमारीज दुर्ग की संचालिका रीटा दीदी ने कहा कि संस्थान वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में वैज्ञानिक एवं अभियंता सेवा प्रभाग द्वारा छह राष्ट्रीय अभियान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें यह अभियान भी शामिल है।
रीटा दीदी ने यह भी जानकारी दी कि 5 अगस्त से आनंद सरोवर, बघेरा में विशेष राजयोग मेडिटेशन शिविर आयोजित होगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 8 से 9 बजे, 9 से 10 बजे तथा शाम 7 से 8 बजे तक चलेगा, जिसमें इच्छुक नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी सत्र में भाग लेकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
