दुर्ग/ धमधा। विकासखंड धमधा के संकुल केंद्र हिर्री-मोहंदी में शिक्षा को प्रोत्साहन देने की अनूठी पहल के तहत स्व. सरवती देवी बनारसीदास फरमानिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 975 से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में कॉपी, पेन, पहाड़ा एवं कंपास सेट का वितरण कर विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस दौरान शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला हिर्री, शासकीय प्राथमिक शाला हिर्री, मोहंदी, इराई, बिजेतला तथा मुर्मुन्दा के कुल 975 से अधिक विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इनमें हिर्री के दोनों विद्यालयों के लगभग 625, मोहंदी के 85, इराई के 90, बिजेतला के 220 तथा मुर्मुन्दा के 120 विद्यार्थी शामिल रहे।

ट्रस्ट के संस्थापक सुरेश कुमार फरमानिया ने कहा कि वे बच्चों को भगवान का स्वरूप मानते हैं और प्रतिवर्ष निःस्वार्थ भाव से स्टेशनरी, स्कूल बैग, स्वेटर एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण करते हैं। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, स्वस्थ रहने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।


संकुल शैक्षिक समन्वयक दिनेश साहू के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हिर्री के सरपंच योगेंद्र साहू एवं प्राचार्य सीमा रानी साहू ने फरमानिया ट्रस्ट के इस सेवा कार्य को “शिक्षा दान महादान” बताते हुए उनकी समाजसेवा की सराहना की और आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में संकुल शैक्षिक समन्वयक दिनेश साहू, प्रधान पाठक डॉ. वर्षा हरिहरनो, त्रिवेणी साहू, मनोज साहू, मनोज पटेल, नंदनी देशमुख, कल्पना दांडेकर, विद्या बघेल, निशा साहू, एसएमसी अध्यक्ष थानसिंग साहू, सरपंच योगेंद्र साहू, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, रसोइया, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संकुल परिवार एवं जनप्रतिनिधियों ने सुरेश कुमार फरमानिया के सेवा भाव की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। अंत में सीएसी प्रेमलाल साहू ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
