दुर्ग पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में पुरानी रंजिश के चलते हुए जानलेवा हमले में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, डंडे, ईंट तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे जैतखाम के पास कुंदरापारा में अक्षय कोठारी, उनके भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी तथा उनके चाचा बल्ला उर्फ रोशन कोठारी पर कथित रूप से एक समूह ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल लेखराम कोठारी की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के तहत फॉरेंसिक विशेषज्ञों (एफएसएल) की सहायता से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान की गई घेराबंदी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


तीन साल पुराने विवाद को बताया वजह
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच करीब तीन वर्ष पहले जैतखाम में झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की बात जांच में सामने आई है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में लक्ष्मी चेलक (35), आकाश चेलक (26), सत्यम चेलक (33), खेलू चेलक (32), प्रकाश चेलक (29) और देवचंद चेलक (34), सभी निवासी कुंदरापारा, पद्मनाभपुर को गिरफ्तार किया है।
घटना में प्रयुक्त सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट, डंडे, चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। प्रकरण की विवेचना जारी है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

