स्कूल वाहन चालकों की लापरवाही एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा पर भारी पड़ गई। भिलाई के नंदिनी रोड स्थित करुणा हॉस्पिटल के पास तेज और लापरवाही से चलाई जा रही स्कूल वैन से चार वर्षीय मासूम नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में छावनी पुलिस ने स्कूल वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार घटना 8 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे की है। स्कूल वाहन क्रमांक CG07CZ5111 से बच्चे को घर छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान चालक की लापरवाही के कारण मासूम चलती वैन से नीचे गिर पड़ा। हादसे में बच्चे के माथे, हाथ, पैर और दाहिने गाल पर चोटें आईं।
घायल बच्चे का उपचार कराने के बाद उसकी मां ने 10 जुलाई को थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 455/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125ए तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


विवेचना के दौरान पुलिस ने स्कूल वाहन चालक हरजीत सिंह (58 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, भिलाई को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
दुर्ग पुलिस ने सभी स्कूल वाहन चालकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूल वाहनों के संचालन में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

