महमरा एनीकट पर 4 फीट ऊपर बह रहा पानी, पुराने पुल पर खतरे के निशान से महज 5 फीट नीचे पहुंचा जलस्तर; SDRF की रेस्क्यू टीम 24 घंटे तैनात
दुर्ग। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला सेनानी (नगरसेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं) नागेन्द्र कुमार सिंह ने नदी के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महमरा एनीकट पर पानी एनीकट के स्तर से लगभग 4 फीट ऊपर बहता पाया गया, जबकि गुरुद्वारा के पास स्थित पुराने पुल पर जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 5 फीट नीचे पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है।

प्रशासन ने नदी किनारे बसे सभी गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। वहीं नदी तट पर संचालित ईंट भट्टों के संचालकों को अपने मजदूरों एवं अन्य लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) दुर्ग की रेस्क्यू टीम को नगरसेना कार्यालय परिसर में 24 घंटे अलर्ट मोड पर तैनात रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।


🔶 प्रशासन की अपील:
जिला प्रशासन ने नागरिकों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।
