दुर्ग पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग, रायपुर जाने वालों से समय से पहले निकलने और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करने की अपील
दुर्ग। लगातार बारिश के चलते रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव होने से यातायात प्रभावित हो गया है। जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी गति से हो रही है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच निर्माण कार्य के कारण सिरसा गेट मार्ग भी पूरी तरह बंद है, जिससे इस मार्ग का उपयोग वैकल्पिक रास्ते के रूप में नहीं किया जा सकेगा।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही वाहनों के दबाव को कम करने के लिए विभिन्न श्रेणी के वाहनों हेतु वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।


राजनांदगांव और बालोद की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा बाईपास, पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर और अमलेश्वर होते हुए रायपुर भेजा जा रहा है। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होकर रायपुर जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है। भिलाई एवं भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के लिए उतई–सेलूद–फूंडा–मोतीपुर मार्ग तय किया गया है।

दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा निर्माण कार्य के कारण बंद सिरसा गेट मार्ग से जाने का प्रयास न करें। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात पुलिस के निर्देशों एवं डायवर्सन व्यवस्था का पालन कर सुरक्षित और सुगम यातायात बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

