हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के नए भवन परिसर, पोटिया में होगा आयोजन, 10वीं से लेकर एमबीबीएस तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
दुर्ग, 06 जुलाई। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग तथा हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 10 जुलाई 2026 को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के नए भवन परिसर, पोटिया (दुर्ग) में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के उप संचालक ने बताया कि रोजगार मेले में अब तक 15 नियोजकों द्वारा 1342 तकनीकी एवं गैर-तकनीकी रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं। 08 जुलाई 2026 तक रिक्तियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग स्नातक, एमबीबीएस, बीएएमएस, नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, डिप्लोमा पैरामेडिकल सहित अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।

इच्छुक आवेदकों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थी रोजगार विभाग की वेबसाइट एवं छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग से संपर्क किया जा सकता है।

