दुर्ग। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ विविध धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक फल एवं फूलों की सजावट से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का विशेष आकर्षण केंद्र बनाया।

मंदिर महिला सदस्या प्रज्ञा राहुल शर्मा ने बताया कि प्रातः 8 बजे माता जी, कृष्ण जी एवं श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार कर अभिषेक पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर के बाहर राहगीरों एवं श्रद्धालुओं के लिए ठंडा पानी, शरबत एवं छाछ वितरण हेतु सेवा स्टॉल भी लगाया गया।

मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुनील पांडेय ने निर्जला एकादशी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, जल एवं अन्नदान का विशेष महत्व है तथा इस व्रत को करने से समस्त एकादशियों के समान पुण्यफल की प्राप्ति होती है।


शाम 4 बजे से परशुराम महिला मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्ति गीतों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। वहीं शाम 7 बजे माता जी एवं श्याम बाबा की 108 दीपों से भव्य महाआरती संपन्न हुई। महाआरती में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी शामिल हुए और आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को फल, मिष्ठान एवं शरबत का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में चंदा देवी शर्मा, पायल जैन, प्रतिभा सुरेश गुप्ता, पार्षद इंद्राणी कुलेश्वर साहू, सरिता शर्मा, किरण शर्मा, चंचल शर्मा, गायत्री शर्मा, प्रेमलता शर्मा, संगीता शर्मा, मोना शर्मा, आभा शर्मा, विकास पुरोहित, निर्मल शर्मा, दीपक चावड़ा, गोपाल शर्मा, ईशान शर्मा, मनोज शर्मा, मनीष सेन, राजू पुरोहित, सोनल सेन, प्रकाश सिन्हा, दिनेश शर्मा, मोहित पुरोहित, ममता अग्रवाल, कुलेश्वरी जायसवाल, लक्ष्मी यादव, रचना राजपूत, पिंकी साहू सहित सैकड़ों धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
