दुर्ग वार्ड क्रमांक 48 स्थित न्यू पुलिस लाइन के पास बना सार्वजनिक शौचालय, जिस पर करीब पौने दो साल से ताला लटका हुआ है, अब जल्द शुरू हो सकता है। नगर निगम आयुक्त ने कांग्रेस के पूर्व पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि तीन से चार दिनों के भीतर शेष कार्य पूरा कर शौचालय का लोकार्पण कर संचालन शुरू करा दिया जाएगा।

उत्कल नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व पार्षदों और कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सार्वजनिक शौचालय का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। आयुक्त ने बताया कि यह शौचालय सुविधा 24 योजना के तहत बनाया गया था, लेकिन योजना बंद हो जाने के कारण इसके संचालन के लिए कोई संस्था आगे नहीं आ रही थी। अब एक एजेंसी संचालन के लिए तैयार हो गई है, जिसके बाद इसे शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

जिम से सामान गायब होने की होगी जांच
प्रतिनिधिमंडल ने शीतला स्वरूपा मंदिर परिसर में तत्कालीन महापौर धीरज बाकलीवाल की महापौर निधि से स्थापित जिम से उपकरण और सामान गायब होने का मामला भी उठाया। इस पर आयुक्त ने जांच कराने का आश्वासन दिया।
पेवर ब्लॉक निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत
कलेक्टर और एसपी बंगले के सामने सड़क किनारे बनाए जा रहे पेवर ब्लॉक निर्माण में कथित अनियमितता की शिकायत पर आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाएगा ताकि वर्षा जल जमीन में समाहित हो सके और भूजल स्तर को लाभ मिले।


ठगड़ा बांध जलभराव पर सिंचाई विभाग से होगी चर्चा
ठगड़ा बांध के पास जलभराव की समस्या को लेकर आयुक्त ने कहा कि यह विषय सिंचाई विभाग से जुड़ा हुआ है। संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल गनी, देवकुमार जंघेल, लिखन साहू, वार्ड 48 की पूर्व पार्षद महेश्वरी ठाकुर, अमृत लोढ़ा, संजय सिंह, भोला महोबिया, मनोज चंद्राकर, मनीष यादव, राजकुमार वर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।
