छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से आई एक खबर ने वन्यजीव प्रेमियों, पर्यावरणविदों और वन विभाग की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी है। कैमरा ट्रैप में लगातार एक बाघिन की मौजूदगी दर्ज होने के बाद सवाल उठने लगा है कि क्या उदंती-सीतानदी में फिर से बाघों का स्वर्णिम दौर लौटने वाला है?

वन विभाग के अनुसार हाल के दिनों में रिजर्व के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए कैमरा ट्रैप में एक स्वस्थ बाघिन की तस्वीरें और वीडियो लगातार कैद हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक बाघिन प्राकृतिक रूप से विचरण करते हुए इस क्षेत्र तक पहुंची है और यहां अपना स्थायी क्षेत्र विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
संरक्षण के प्रयासों की सफलता
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि कोई बाघ या बाघिन तभी किसी क्षेत्र को अपना निवास चुनता है, जब वहां पर्याप्त शिकार, सुरक्षित वातावरण और अनुकूल आवास उपलब्ध हो। ऐसे में उदंती-सीतानदी में बाघिन की नियमित मौजूदगी को संरक्षण कार्यों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

कैमरे में दिखी आत्मविश्वास से भरी बाघिन
वन अधिकारियों के मुताबिक कैमरा ट्रैप में कैद बाघिन पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय नजर आ रही है। उसकी गतिविधियां संकेत देती हैं कि वह क्षेत्र का गहन निरीक्षण कर रही है और अपना प्रभाव क्षेत्र तय करने की प्रक्रिया में है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो आने वाले वर्षों में उदंती-सीतानदी फिर से बाघों की स्थायी मौजूदगी वाला महत्वपूर्ण आवास बन सकता है।
इन प्रयासों का मिला परिणाम
पिछले कुछ वर्षों में टाइगर रिजर्व में कई महत्वपूर्ण संरक्षण कार्य किए गए हैं, जिनमें एंटी-पोचिंग नेटवर्क को मजबूत करना, वन क्षेत्रों में नियमित गश्त, सैकड़ों कृत्रिम जलस्रोत और झिरियों का निर्माण, क्षतिग्रस्त वन क्षेत्रों का पुनर्स्थापन, अतिक्रमण हटाकर वनभूमि की वापसी, वन्यजीवों के लिए सुरक्षित आवास विकसित करना शामिल हैं। वन विभाग का मानना है कि बाघिन की मौजूदगी इन्हीं प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

अब बढ़ेगी निगरानी
बाघिन की सुरक्षा और उसके प्राकृतिक व्यवहार को प्रभावित किए बिना निगरानी के लिए वन विभाग ने अतिरिक्त कैमरा ट्रैप, गश्त और संरक्षण गतिविधियां बढ़ाने का निर्णय लिया है। वन अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक बाघिन की वापसी नहीं, बल्कि जंगलों के पुनर्जीवन और प्रकृति की सकारात्मक प्रतिक्रिया का संकेत है। यदि यह सिलसिला जारी रहा तो उदंती-सीतानदी एक बार फिर मध्य भारत के प्रमुख बाघ आवासों में अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।

