भिलाई, 28 जुलाई। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) भिलाई में आयोजित तीन दिवसीय सीबीएसई दूरस्थ पूर्व क्षेत्रीय तैराकी प्रतियोगिता 2026-27 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए और सभी 120 स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए। शानदार प्रदर्शन के आधार पर साउथ पॉइंट हाई स्कूल, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम तथा पूर्वोत्तर राज्यों के 201 विद्यालयों के 748 तैराकों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के साथ आए 308 प्रशिक्षकों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा एवं परिवहन की व्यापक व्यवस्था डीपीएस भिलाई द्वारा की गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (सेवाएं) एवं डीपीएस भिलाई बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के प्रो-वाइस चेयरमैन तुषार कांत रहे। विशिष्ट अतिथियों में सीबीएसई क्षेत्रीय केंद्र रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश बर्मन, छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा सीबीएसई के पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। समारोह में डीपीएस भिलाई के विद्यार्थियों ने सूफी भजन और फ्यूजन नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर समापन समारोह को यादगार बना दिया।

मुख्य अतिथि तुषार कांत ने खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। वहीं सीबीएसई क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश बर्मन ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित करते हैं।

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अमजद हसन जुनजानी ने आयोजन की जिम्मेदारी डीपीएस भिलाई को सौंपने के लिए सीबीएसई का आभार व्यक्त किया, जबकि उप प्राचार्य राजदीप सेन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं तकनीकी दल का धन्यवाद ज्ञापित किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के श्रेष्ठ तैराकों को सम्मानित किया गया। बालिका वर्ग में दृष्टि कुमार, कोमल कृष्णा, शिवांगिनी पांडे और सुभोनिता कोले को सर्वश्रेष्ठ तैराक का पुरस्कार मिला। वहीं बालक वर्ग में ऋतांकर भंडारी, हेमांशु नहाकपाम, कौस्तव घोष और आरव शर्मा अपने-अपने आयु वर्ग के सर्वश्रेष्ठ तैराक घोषित किए गए।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र, छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन, निर्णायकों, खेल अधिकारियों तथा डीपीएस भिलाई के शिक्षकों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
