सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य कांवर यात्रा महोत्सव की तैयारियां पाटन में शुरू हो गई हैं। बोल बम कांवर यात्रा समिति इस वर्ष भी हजारों शिवभक्तों की सहभागिता के साथ यात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारी में जुट गई है। इसी सिलसिले में 11 जुलाई को दोपहर 3 बजे पाटन रेस्ट हाउस में समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

समिति के संयोजक जितेंद्र वर्मा ने बताया कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का उत्सव है। हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने निकलते हैं। इस बार यात्रा को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, भोजन, विश्राम स्थल, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी और प्रचार-प्रसार सहित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर अंतिम रूप दिया जाएगा।

समिति ने पाटन क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और शिवभक्तों से बैठक में उपस्थित होकर सुझाव देने और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
संयोजक जितेंद्र वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा किसी एक समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और जनसहभागिता का महोत्सव है। सभी के सहयोग से इस वर्ष का आयोजन और भी भव्य बनाया जाएगा।

