रायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड के ग्राम नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) और जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने संयुक्त रूप से दुर्ग के पटेल चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और कार्रवाई को गरीब विरोधी बताते हुए तत्काल पुनर्वास एवं मुआवजे की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर और शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने किया। इसमें युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के हितों की बात करती है, लेकिन व्यवहार में उनके सिर से छत छीनने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि संबंधित भूमि वास्तव में शासकीय थी तो वर्षों तक वहां बिजली, पानी, राशन, सड़क और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे मिलता रहा। उन्होंने कहा कि बरसात के बीच महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बेघर करना अमानवीय है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि नकटी की घटना केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के गरीबों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर बुलडोजर की राजनीति कर रही है।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रभावित परिवारों का पुनर्वास सुनिश्चित करना है। बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए लोगों के घर तोड़ना संवेदनहीन प्रशासनिक रवैया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

पुनर्वास नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
पुनर्वास नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी कि यदि नकटी के प्रभावित परिवारों को शीघ्र पुनर्वास, उचित मुआवजा और न्याय नहीं मिला तो पार्टी इस मुद्दे को पूरे प्रदेश में जनआंदोलन का रूप देगी। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्रकार, आर.एन. वर्मा, अल्ताफ अहमद, संजय बत्रा, कन्या ढीमर, राहुल शर्मा, गुरदीप सिंह भाटिया, अली असगर, सुमित घोष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

