भिलाई नगर, 3 जुलाई। चंद्रनाहु कुर्मी क्षत्रिय समाज भिलाई नगर द्वारा कुर्मी भवन-7 में स्वर्गीय रघुवर सिंह चंद्राकर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, उत्कृष्ट शिक्षकों एवं संस्थापक सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही समाज की त्रिवार्षिक पत्रिका ‘चंद्र किरण’ का विमोचन भी अतिथियों के करकमलों से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष कमल वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि चंद्रनाहु कुर्मी क्षत्रिय समाज दुर्ग राज के अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष गजेंद्र चंद्राकर ने की।

समारोह में कक्षा पहली से बारहवीं तक के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. पुष्पलता अजय चंद्राकर एवं लीना अखिलेश चंद्राकर का सम्मान किया गया। समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए अयोध्या प्रसाद चंद्राकर, राधेश्याम चंद्राकर, राम प्रताप चंद्राकर एवं योगेश्वर नारायण चंद्राकर को ‘समाज गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया।

मुख्य अतिथि कमल वर्मा ने स्वर्गीय रघुवर सिंह चंद्राकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों से समाज को प्रेरणा लेने का आह्वान किया। स्वागत भाषण एवं अतिथि परिचय समाज अध्यक्ष गजेंद्र चंद्राकर ने दिया। पत्रिका ‘चंद्र किरण’ के प्रधान संपादक पवन चंद्राकर ने संपादकीय का वाचन किया।

कार्यक्रम में समाज के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिला सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। संचालन मोरध्वज चंद्राकर एवं पवन चंद्राकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष राजेंद्र चंद्राकर ने व्यक्त किया।
