अभनपुर में आयोजित कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेशभर से आए जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन मुलाकात कर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी राहुल गांधी से मुलाकात कर जिले की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने करीब तीन घंटे तक जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करते हुए कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित जनआंदोलन है। राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में होती है। उन्होंने गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक जिलाध्यक्ष से उनके जिले की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक सुझाव भी दिए।

मार्गदर्शन को जमीन पर उतारेंगे
मुलाकात के बाद राकेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का मार्गदर्शन प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने के निर्देशों को दुर्ग (ग्रामीण) जिले में पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार काम करेंगे।


