दुर्ग जिले में नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए धमधा पुलिस ने गांजा तस्करी और बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.100 किलोग्राम गांजा, एक एक्टिवा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोटा पेट्रोल पंप के पास धमधा-देवकर रोड पर दो युवक एक्टिवा में गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मनीराम ठाकुर (55) निवासी शिवकोकड़ी और ढाल सिंह यादव (23) निवासी भाठा कोकड़ी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान सफेद बोरी में रखा 3.100 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मिलकर गांजा मंगाते थे और उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना धमधा में अपराध क्रमांक 162/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


पुलिस की कार्रवाई में यह हुआ जब्त
3.100 किलोग्राम गांजा
एक्टिवा क्रमांक CG 07 DD 0132
दो मोबाइल फोन
कुल जब्ती मूल्य लगभग 2.40 लाख रुपये

