आर्थिक तंगी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का सपना छोड़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के गूगल बॉय के नाम से विख्यात रुद्र शर्मा ने गरीब और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के साथ-साथ CGPSC, UPSC, छत्तीसगढ़ व्यापम और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी तरह नि:शुल्क कराई जाएगी।

रुद्र शर्मा का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक अभाव के कारण महंगे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनेक छात्र-छात्राएं 12वीं के बाद प्रशासनिक सेवाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन कोचिंग की ऊंची फीस उनके सपनों के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा बन जाती है। ऐसे सभी विद्यार्थियों के लिए यह संस्था बिना किसी शुल्क के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएगी।

संघर्ष करते बच्चों से मिली प्रेरणा
रुद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने कई ऐसे विद्यार्थियों को देखा है, जो अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए सुबह अखबार बांटते हैं, मजदूरी करते हैं या छोटे-मोटे काम करते हैं। इन्हीं संघर्षों को देखकर उन्होंने यह संकल्प लिया कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई सिर्फ पैसों की कमी के कारण अधूरी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर’ केवल एक कोचिंग संस्थान नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य तक पहुंचाना है।

पढ़ाई के लिए पैसे नहीं, हौसले चाहिए
रुद्र शर्मा का मानना है कि सफलता के लिए महंगी कोचिंग नहीं, बल्कि मेहनत, लगन, सही मार्गदर्शन और मजबूत इरादों की जरूरत होती है। उन्होंने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों और जरूरतमंद युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और अपने सपनों को नई उड़ान देने का आह्वान किया। इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहयोग और अवसरों की समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

