भिलाईनगर, 19 सितंबर। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह काम के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। वजनदार लोहे की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के लिए उसे शास्त्री नगर सुपेला स्थित बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।



मृतक की पहचान चंद्रशेखर सिंह (46 वर्ष), निवासी जिला शिवांग, बिहार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक चंद्रशेखर सिंह बीके ग्रुप की मयूर कंपनी में काम करता था और करीब 1 जुलाई से कंपनी में कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे काम के दौरान अचानक वह वजनदार लोहे की चपेट में आ गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।


घटना के बाद मृतक का शव फिलहाल बीएम शाह अस्पताल के फ्रीजर में रखा गया है। सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किस वजह से हुई तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।

