रिसाली, 27 सितंबर 2026। रिसाली नगर पालिक निगम में सफाई कामगारों के लंबित वेतन का मामला अब आंदोलन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। नगरीय निकाय जनवादी सफाई कामगार यूनियन एवं छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति ने आरोप लगाया है कि सफाई कामगारों को अभी तक वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इसी बीच ठेकेदार द्वारा पांच दिनों के लिए काम बंद किए जाने से मजदूरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।



इसी मुद्दे को लेकर आयोजित मजदूरों की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 28 सितंबर को बड़ी संख्या में मजदूर रायपुर के तुता धरना स्थल पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सफाई कामगारों की लंबित समस्याओं से अवगत कराएंगे।

दुर्ग में दो दिन होगा प्रदर्शन


बैठक में तय किया गया कि 29 और 30 सितंबर को दुर्ग स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। मजदूरों की लंबित मांगों, वेतन भुगतान और काम बंद किए जाने से उत्पन्न स्थिति के तत्काल निराकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।
यूनियन ने यह भी बताया कि चरोदा नगर निगम के सफाई कामगारों को भी अभी तक वेतन नहीं मिला है। इससे वहां काम करने वाले मजदूरों में भी नाराजगी है। मजदूर संगठनों का कहना है कि नियमित रूप से काम करने के बावजूद समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।
कई निकायों के मजदूर तुता में होंगे एकजुट
मजदूर संगठनों के अनुसार भिलाई निगम, चरोदा निगम, रिसाली निगम, कुम्हारी नगरपालिका सहित अन्य नगरीय निकायों के सफाई कामगार एवं मजदूर 28 सितंबर को रायपुर के तुता धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। संगठन ने इस दिन को शहीद दिवस के रूप में संघर्ष दिवस के तौर पर मनाने और अपने अधिकारों व मांगों को लेकर आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया है।
मजदूरों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने और अचानक काम बंद किए जाने से परिवार चलाने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कामगारों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
बैठक में सविता, त्रिवेणी, चंद्रकला, संतरीन, पंचराम, कलादास डेहरिया सहित सैकड़ों मजदूर शामिल हुए। संगठन की ओर से कलादास डेहरिया, नगरीय निकाय जनवादी सफाई कामगार यूनियन एवं छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति ने आंदोलन की जानकारी दी।

