दुर्ग। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत दुर्ग में इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए साझा संघर्ष का संकल्प लिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की अध्यक्षता में गठबंधन के सहयोगी दलों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।



बैठक में समाजवादी पार्टी के शहर अध्यक्ष रज्जाक अली, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव कामरेड एस.पी. डे, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव कामरेड विनोद कुमार सोनी तथा भाकपा (माले) के कामरेड विजेंद्र तिवारी सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त रूप से आवाज उठाने पर सहमति जताई।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा तथा नगर निगम दुर्ग के नेता प्रतिपक्ष संजय कोहली प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


धीरज बाकलीवाल बोले—जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी लोकतांत्रिक शक्तियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता का मताधिकार, संवैधानिक अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा सुरक्षित रहना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का उद्देश्य केवल राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाना नहीं, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना और नागरिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने सहयोगी दलों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
6 अक्टूबर को सड़क पर दिखेगी गठबंधन की एकजुटता
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 6 अक्टूबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे इंडिया गठबंधन के बैनर तले पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसमें गठबंधन के सहयोगी दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। मार्च के जरिए लोकतंत्र, संविधान, मताधिकार और नागरिक अधिकारों के संरक्षण का संदेश देने की बात कही गई है।
बैठक में राजेश यादव, रायसिंह दिकोला, आरएन वर्मा, अल्ताफ अहमद, अब्दुल गनी, दुष्यंत देवांगन, विजेंद्र भारद्वाज, आनंद कपूर ताम्रकार, गुरदीप भाटिया, देवीश्री साहू, मनीष बघेल, एकता, सुशील भारद्वाज, अभिषेक जांगड़े, राजकुमार पाली, देव सिन्हा, अजय जैन, एजाज गोल्डी, अशोक मेहरा, नंदकिशोर शर्मा, सुनीत घोष, भीमसेन, अमोल जैन, विजेंद्र पटेल, अनूप पाटिल, चिराग शर्मा, परमजीत सिंह भोई, लखन साहू, संजय बत्रा, पोषण साहू, तिलक राजपूत, जगमोहन ढीमर, शशिकांत कसार, यशवंत दिल्लीवार, शत्रुघ्न चक्रधारी, जय कुमार साहू, अभिनव बघेल, ईश्वर साहू, रवि कोसरिया, चैतन्य बंछोर, जयप्रकाश साहू, दीपक सिन्हा, बृजलाल पटेल, मोहित वाल्दे, ऋषि साहू और गोलू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में गठबंधन के नेताओं ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा, जनता के अधिकारों के सम्मान तथा जनहित के मुद्दों पर साझा मंच से संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

