भिलाई। पुरानी रंजिश के चलते DPS चौक के पास युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, डंडा और मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।



पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2026 को प्रार्थी योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान DPS चौक के पास आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए पीछे से हमला किया और उसे वाहन से गिरा दिया। इसके बाद धारदार हथियार एवं डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 3(5), 61(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटना के पीछे पूर्व विवाद एवं आपसी रंजिश की बात सामने आई।


मुखबिर सूचना और साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उनकी तलाश कर प्रखर चंद्राकर (26), निवासी नेवई और सुधांशु उर्फ बॉम्सी (23), निवासी रिसाली को गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में अमन मूर्ति और हरीश यादव को पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रखर चंद्राकर के विरुद्ध पूर्व में 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है।
हथियार, डंडा और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार, एक डंडा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर वैधानिक कार्रवाई की।
पीछा कर किया था हमला
पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों ने पूर्व विवाद एवं रंजिश के चलते प्रार्थी का पीछा किया और DPS चौक के पास पीछे से हमला किया। वाहन से गिराने के बाद धारदार हथियार और डंडे से हमला कर उसकी जान लेने का प्रयास किया गया।
कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस टीम की आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

