कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, रिक्त पदों पर भर्ती और NTA भंग करने की उठाई मांग
दुर्ग, 8 जुलाई। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (AIDYO) की छत्तीसगढ़ राज्य कमेटी ने अखिल भारतीय प्रतिवाद दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला कलेक्टर दुर्ग के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर देश में बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

संगठन ने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार गंभीर होती जा रही है। लाखों सरकारी पद रिक्त होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो रही है, जिससे करोड़ों युवा रोजगार से वंचित हैं। संगठन का आरोप है कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं ने छात्रों एवं युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

ज्ञापन में छत्तीसगढ़ की बेरोजगारी की स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि राज्य में लाखों पंजीकृत बेरोजगार हैं और रोजगार के अवसर अपेक्षित स्तर पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। संगठन ने रोजगार की अनिश्चितता, आर्थिक संकट और युवाओं में बढ़ती मानसिक परेशानियों पर भी चिंता व्यक्त की।

AIDYO ने कहा कि 4 से 8 जुलाई तक देशभर में अखिल भारतीय विरोध दिवस मनाकर युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जा रहा है। संगठन ने युवाओं से रोजगार और शिक्षा के अधिकार के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।

संगठन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
- सभी रिक्त सरकारी पदों पर तत्काल भर्ती कर नए रोजगार का सृजन किया जाए।
- नेशनल टेस्ट एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग कर पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
- प्रश्नपत्र निर्माण से लेकर परीक्षा संपन्न कराने तक की पूरी जिम्मेदारी सरकारी एजेंसियों को सौंपी जाए।
- सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया समाप्त की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आत्माराम साहू, पूजा सागर, तिरित साहू, पूनम यादव, सती कुमारी एवं शिवानी यादव सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
