दुर्ग। प्रदेश पंचायत सचिव संघ जिला इकाई दुर्ग ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 3 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय रैली एवं धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 8 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।


ज्ञापन में पंचायत सचिवों ने प्रमुख रूप से एपीएफ/उपदान राशि, एरियर एवं चिकित्सा भत्ता राशि का निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित खातों में भुगतान करने की मांग की है। साथ ही पूर्व में पंचायत सचिवों की राशि कटौती कर जमा किए गए धन को ब्याज सहित संबंधित खातों में तत्काल जमा करने की मांग भी उठाई गई है।

संघ ने यह भी मांग की है कि पंचायत सचिवों का वेतन प्रत्येक माह की पहली तारीख तक उनके खातों में अंतरित किया जाए तथा सचिवों पर लंबित कार्रवाई को निरस्त करते हुए वेतन वृद्धि की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की जाए।
प्रदेश पंचायत सचिव संघ जिला दुर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।

