दुर्ग के थनोद रोड पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब अनियंत्रित होकर पलटी मिक्सर मशीन के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही अंजोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से चालक का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक मिक्सर मशीन (क्रमांक CG 07 CZ 6051) थनोद रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी अंजोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक सहायता देने के बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी।


लोगों ने दिखाई संवेदनशीलता और तत्परता
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस की त्वरित और मानवीय कार्यशैली की सराहना की। वहीं दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने भी रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस टीम और सहयोग करने वाले ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान में इनकी रही अहम भूमिका
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी, पीएसआई अभिषेक चंद्रा, आरक्षक सुमन, विक्की यादव तथा ग्राम थनोद और आसपास के ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को दें तथा राहत एवं बचाव कार्य में सुरक्षित तरीके से सहयोग करें, ताकि समय रहते जनहानि को रोका जा सके।

