लखनऊ अग्निकांड के बाद सुरक्षा मानकों पर कसा शिकंजा, कई संस्थानों को नोटिस
दुर्ग-भिलाई। लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद दुर्ग जिले में फायर और पुलिस विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भिलाई के एजुकेशन हब माने जाने वाले सिविक सेंटर क्षेत्र में कोचिंग संस्थानों का विशेष फायर ऑडिट अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान कई कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी नियमों की गंभीर अनदेखी सामने आई। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ संस्थानों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे, कई जगहों पर वेंटिलेशन व्यवस्था अपर्याप्त थी तथा आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की भी कमी मिली।

अग्निशमन विभाग ने इसे छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किए। इसी कार्रवाई के तहत सिविक सेंटर स्थित 4 बड़े कोचिंग सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना फायर एनओसी और निर्धारित सुरक्षा मानकों के किसी भी कोचिंग सेंटर का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही अन्य संस्थानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का पालन नहीं करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

