दुर्ग। गायत्री परिवार दुर्ग ने प्रदेश के स्कूलों में प्रार्थना, गायत्री मंत्र एवं नैतिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन को निरंतर जारी रखने के निर्णय पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में गायत्री परिवार ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सरकार के निर्णय का स्वागत किया।

ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालयों में प्रार्थना, प्रेरणादायी मंत्र, राष्ट्रभावना एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों में अनुशासन, नैतिकता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक समरसता जैसे मूल्यों का विकास होता है।

गायत्री परिवार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय गुणों एवं श्रेष्ठ चरित्र का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे में विद्यालयों में नैतिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए उपयोगी कदम है।

गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं स्कूल शिक्षा विभाग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन के इस निर्णय से विद्यार्थियों में संस्कार आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विद्यालयों में इन गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की मांग भी की गई।

