दुर्ग। बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से आवेदन भरवाए। अभियान का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने किया। उनके साथ उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवश्री साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय महेंद्र कर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड क्रमांक 14 सिकोला भाठा में घर-घर पहुंचे और लोगों से बढ़े हुए बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर के संबंध में चर्चा की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में लोगों के बिजली बिल कम आते थे, जबकि वर्तमान व्यवस्था में आम उपभोक्ता आर्थिक बोझ झेल रहे हैं।

अभियान के दौरान कई स्थानीय नागरिकों ने भी स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से आवेदन भरवाकर उनकी मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर संजय कोहले, प्रेमलता साहू, गुरदीप सिंह भाटिया, प्रकाश जोशी, शंकर ठाकुर, काशी रात्रे, राकेश साहू, केशव सिन्हा, पायल नेताम, नंदू नेताम, लोकेश चक्रवर्ती, युवराज ठाकुर, अनीस मथई, हेमा साहू, निकिता मिलिंद, शेखर वर्मा, आयुष शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
