दुर्ग। बढ़ती महंगाई के बीच घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता एवं महिला नेत्री प्रेमलता साहू ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है।

प्रेमलता साहू ने कहा कि एक समय था जब महंगाई को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को घर का बजट संभालने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और गरीब परिवारों के लिए सिलेंडर भरवाना भी चुनौती बनता जा रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत देने तथा आम जनता को महंगाई से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रेमलता साहू ने कहा कि सरकार को जनहित को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी और आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

