दुर्ग-धमधा मार्ग पर हुई चर्चित अंधी हत्या और लूट की गुत्थी को महज 48 घंटे में सुलझाने के बाद दुर्ग पुलिस ने इस सफलता में सहयोग देने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित किया। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) हर्षित मेहर (आईपीएस) ने गुरुवार को अपने कार्यालय में जेवरा सिरसा और चिखली क्षेत्र के उन नागरिकों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया, जिनके परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच में बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई।



पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब 2 बजे हुई थी और मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। ऐसे में सड़क की ओर लगे सीसीटीवी कैमरे ही पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य बने। जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
सीएसपी हर्षित मेहर ने सम्मान समारोह के दौरान नागरिकों द्वारा समय पर डीवीआर और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपराधों के खुलासे में नागरिकों का सहयोग और तकनीक का सही उपयोग पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर सीएसपी ने उपस्थित नागरिकों से भविष्य में भी पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया और किसी भी समस्या या आपात स्थिति में सीधे संपर्क के लिए अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी साझा किया।
सम्मानित नागरिकों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के लोगों, दुकानदारों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी मुख्य मार्ग की ओर सही दिशा में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि अपराधों की रोकथाम और जांच में सहायता मिल सके।


पुलिस ने लोगों से कहा है कि वे अपने घरों, दुकानों और संस्थानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं तथा उनकी दिशा मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग की ओर रखें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और तकनीक का उपयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

